सकलडीहा, चंदौली। सकलडीहा एसडीएम मनोज पाठक द्वारा मामले का संज्ञान लेते ही माइनरो की सफाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन द्वारा जिले के माइनर, बंधी, नहर में व्याप्त गंदगीयों की साफ-सफाई व कंप्रेसर के संबंध में गत दिनों पूर्व जिलाधिकारी के नाम उप जिलाधिकारी सकलडीहा को पत्रक सौंपा गया था। वही पत्रक प्राप्त होते ही एसडीएम मनोज पाठक द्वारा समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के एक्ससीएन जेई से लेकर अन्य अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई थी। जिसपर संबंधित विभाग के अधिकारियों को त्वरित मामले के निस्तारण करने का निर्देश भी दिया गया था। वही विभागीय अधिकारियों द्वारा शीघ्र अति शीघ्र मामलों का निस्तारण करने का आश्वासन दिया गया था। इसी क्रम में इमलाई, डेढ़गावां माइनर का जेसीबी के माध्यम से सफाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। इस संबंध में किसानों का कहना है कि अगर विभागीय अधिकारी पूर्व ही इन समस्याओं का निदान कर दे, तो किसानों को अपनी फसल को लगाने में किसी प्रकार की परेशानियों सामना ना करना पड़े। परंतु इन अधिकारियों की लापरवाही के कारण जिले के अधिकांश किसान आज भी विभिन्न समस्याओं के कारण फसल उगाने में कठिनाईयो का सामना कर रहे हैं। चर्चा के दौरान भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के मंडल अध्यक्ष मनमन सिंह ने कहा कि अधिकारी अगर अपनी आदतों से बाज नहीं आए, और किसानों की समस्याओं का निदान नहीं किया गया तो हम सभी लोग उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।