चहनियां। सैदपुर से चंदौली वाया मारूफपुर, चहनियां, सकलडीहा की 437 करोड़ से निर्माणाधीन फोर लेन स्टेट हाईवे के किनारे किनारे बन रही नाली निर्माण में दोयम दर्जे की गुणवत्ता और धीमी रफ़्तार को लेकर मारूफपुर के लोगों ने शनिवार को प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी चंदौली का ध्यान आकृष्ट कराया है।
क्या है आरोप..
प्रदर्शन कर रहे जय हिन्द सेवा संस्था उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अरविंद ने कहा कि भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्री सह स्थानीय सांसद डॉ महेंद्र नाथ पाण्डेय के अथक प्रयास के बाद यह सैदपुर से चंदौली तक करीब 30 किमी लम्बी सड़क का निर्माण फोर लेन स्टेट हाईवे के रुप में हो रहा है। कार्यदायी संस्था एपको कंपनी द्वारा छोटे छोटे कई ठेकेदारों के माध्यम से सड़क किनारे बनने वाली नाली का निर्माण कराया जा रहा है। जो मनमाना तरीके व घटिया किस्म का कराया जा रहा है। मारूफपुर गाँव के सामने करीब 25 दिन पहले ही नाली के लिए गढ्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है। जिससे गाँव के आमजन के साथ साथ विद्यार्थियों, व्यापारियों, बीमार अशक्त लोगों को बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। हम ग्रामीण जिलाधिकारी से मांग करते है कि नाली निर्माण में हो रही अनियमितताओं की जांच कराकर दोषियों पर कार्यवाही कराते हुए काम में गति लाने का निर्देश सक्षम अधिकारियों को प्रदान करें।
प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रुप से ललित मिश्रा, अमित मिश्रा, दिनेश चंद्र मिश्रा, नागेंद्र मिश्रा, सुधेन्दु विमल मिश्रा, राजीव मिश्रा, अभय मिश्रा, रामआश्रय मिश्रा, राजेंद्र मिश्रा, परमहंस मिश्रा, संतोष कुमार सहित सैकड़ो ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस सम्बन्ध में एपको कंपनी के अवर अभियंता संदीप कुमार ने कहा कि ग्रामीनों की समस्या को देखते हुए प्रोजेक्ट मैनेजर से चर्चा हुयी है। ठेकेदारों को काम में गति लाने का निर्देश दिया गया है।