चहनियां। चंदौली से तिरगाँवा वाया सकलडीहा चहनियां निर्माणाधीन मुख्य सड़क पर आवागमन के लिए फोर लेन सड़क, डीवाइडर और नाली निर्माण होना तय है जबकि नाली के बाद बनने वाले सर्विस रोड के बारे में कोई सक्षम अधिकारी मुँह खोलने को तैयार नहीं है। जिससे व्यापारियों व सड़क किनारे बसे ग्रामीणों में उहापोह की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने जगह जगह मुख्य बाजारों में सर्विस रोड बनवाये जाने की मांग करने लगे है। चंदौली से तिरगाँवा की बहु प्रतिक्षित व 437 करोड़ की लागत से बन रही मुख्य सड़क कच्छप गति से ही सही लेकिन बीते छ माह से बनने लगी है। मुख्य सड़क 80 फ़ीट चौड़ाई में बन रही है। जिसके अंतर्गत नाली, डीवाइडर और आवागमन के लिए फोर लेन सड़क है। जिसके हिसाब से सड़क की चौड़ाई के दोनों अधिकतम सीमाओं को कवर करते हुए नाली निर्माण हो रहा है। लेकिन नाली के बाद बनने वाले सर्विस रोड और विद्युत पोल गड़ाने के लिए भूमि आरक्षित न होने से व्यापारियों और सड़क किनारे मकान बनाकर रह रहे आम लोगों में उहापोह की स्थिति बन गयी है। लोगों ने सर्विस रोड बनाये जाने की मांग के साथ सड़क निर्माण के लिए जिम्मेदार अधिकारीयों व राजनेताओं पर नाराजगी जताते हुए केंद्रीय मंत्री सह चंदौली सांसद का ध्यान इस समस्या के समाधान के लिए आकृष्ट कराया है। बसपा नेता जयश्याम त्रिपाठी ने कहा कि उक्त सड़क निर्माण के साथ पूर्वांचल की सबसे व्यस्त सड़क होगी ऐसे में सर्विस रोड न बनने से आये दिन लोग दुर्घटना का शिकार होंगे। पूर्व प्रमुख पति उपेंद्र सिंह गुड्डू ने कहा कि सर्विस रोड न होने से सड़क किनारे बसे सकलडीहा, पपौरा, मथेला, चहनियां, मजीदहाँ, तारगाँव, मारूफपुर जैसे मुख्य बाजार का अस्तित्व पूरी तरह समाप्त हो जायेगा। ऐसे में सर्विस रोड बनवाया जाना अत्यंत आवश्यक है। जिसके लिए मंत्री डॉ पाण्डेय जी को पहल करनी चाहिए।