Chandauli News: जनपद के जसुरी गांव की महिरा सिंह ने मात्र 8 वर्ष की उम्र में कराटे प्रतियोगिता में अद्भुत प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। महिरा ने अंडर-14, 34 किलोग्राम वेट कैटेगरी में आयोजित एनएसएन कराटे लीग प्रतियोगिता में शानदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
यह प्रतियोगिता 15–16 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित की गई थी, जिसमें चंदौली की इस नन्ही खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन से सभी को चौंका दिया। अंडर-14 आयु वर्ग में केवल 8 वर्ष की उम्र में पदक जीतना उनके असाधारण प्रतिभा और मेहनत का परिचायक है।
महिरा की इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही पूरे चंदौली में खुशी की लहर दौड़ गई।
युवा संघर्ष मोर्चा के संयोजक एवं सिविल बार के उपाध्यक्ष शैलेंद्र पांडे (एडवोकेट) ने महिरा व उनके पिता धीरेंद्र प्रताप सिंह को बधाई देते हुए कहा कि—
“चंदौली के लिए यह गर्व की बात है कि इतनी कम उम्र में महिरा ने राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतियोगिता में अपना नाम रोशन किया है। यह न केवल जिले के लिए सम्मान की बात है, बल्कि महिला सशक्तिकरण का भी बड़ा उदाहरण है।”
इसके अलावा ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह, माधव पांडे, उज्ज्वल पांडे, ईश्वर चंद्र, शत्रुघ्न तिवारी, कैलाश तिवारी, रोहित तिवारी, अनुप पांडे और मनीष मिश्रा समेत कई लोगों ने महिरा सिंह को बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महिरा की इस उपलब्धि से चंदौली एक बार फिर गर्व से गौरवान्वित हुआ है।






