चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र ग्राम पंचायत टांडाकला स्थित गोसाई के मडई गांव का 18 वर्षीय युवक आकाश गिरी मंगलवार को मां की डांट से क्षुब्ध होकर सैदपुर तिरगांवा स्थित पक्के पुल से गंगा में छलांग लगा दिया। जिससे मौके पर भारी भीड़ व पुलिस बल जुट गए। खबर लिखे जाने तक निजी गोताखोरों व पुलिस बल द्वारा किशोर की खोज की जा रही थी।
टांडाकला के गोसाई की मडई गांव निवासी सुरेश गिरी के दो पुत्रों व एक पुत्री में सबसे बड़ा 18 वर्षीय आकाश गिरी मुम्बई में रहकर प्राइवेट जाब करता था। जो दो दिन पूर्व ही अपने बड़े पिता राजेश गिरी के पुत्र रोशन की आगामी 8 मई को होने वाली शादी में सम्मिलित होने के लिए घर आया था। मंगलवार की सुबह किसी बात को लेकर उसकी मां ने उसे डांट दिया। जिससे क्षुब्ध उक्त किशोर अपने घर से करीब 10 किमी दूर तिरगावां सैदपुर स्थित पक्के पुल पर पहुंच गया। जब तक पुल पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते वह गंगा में छलांग लगा दिया। वहीं उसको खोजते हुए उसकी मां टीनू गिरी भी पीछे पीछे पुल पर पहुंच गयी जो युवक को गंगा में कूदते देख बेहोश होकर गिर पड़ी। किसी तरह लोग उसे सम्हाल कर उसके घर पहुंचाये जहां पिता सुरेश, छोटा भाई बिकास, बहन सपना दहाड़े मारकर रोने बिलखने लगे। वहीं किशोर के गंगा में कूदने की सूचना पर पहुंची सैदपुर व बलुआ पुलिस ने निजी गोताखोरों के माध्यम से खोजबीन शुरू करा दिया। समाचार लिखे जाने तक खोजबीन जारी था।