Home चंदौली देव दीपावली – इक्कीस हजार दीपों से जगमग हुआ बलुआ गंगा घाट

देव दीपावली – इक्कीस हजार दीपों से जगमग हुआ बलुआ गंगा घाट

चहनियां। कार्तिक मास शुक्ल पक्ष पूर्णिमा तिथि पर सोमवार की देर शाम को पश्चिम वाहिनी बलुआ गंगा घाट पर आयोजित देव दीपावली पर इक्कीस हजार दीपकों के प्रज्वलन व पांच बटुकों के साथ हुयी पतित पावनी माँ गंगा के दिव्य आरती के साथ मानों स्वर्ग उतर आया। कार्यक्रम आयोजक गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल व अरविन्द पाण्डेय डॉक्टर द्वारा आये हुए सभी अतिथियों का स्वागत अंग वस्त्र द्वारा किया गया। देव दीपावली कार्यक्रम की शुरुआत आध्यात्मिक अतिथि रितेश्वर जी महाराज द्वारा दीपक प्रज्वलित करके किया गया। महाराज जी के आगमन पर बटुकों द्वारा डमरू वादन और पुष्प वर्षा करके स्वागत किया गया। इस दौरान उपस्थित जन समूह को सम्बोधित करते हुए महराज जी ने कहा कि माँ जाह्नवी के तट पर यह दिव्य आयोजन भारतीय संस्कृति का पोषक है। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में नशा मुक्ति के लिए उठाये गये कदमों का विस्तार से चर्चा करते हुए नशा उन्मूलन पर बल दिया। केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पाण्डेय ने गंगा सेवा समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि देव दीपावली का यह पर्व हम सबको देव लोक का साक्षात् दर्शन करा रहा है। उन्होंने बलुआ गंगा घाट सहित क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने मंत्री जी से गंगा में स्नान के लिए स्थायी बैरिकेटिंग लगवाने, विद्युत चलित चार हाई मास्ट लाइट लगवाने सहित गंगा घाट के लिए जल पुलिस चौकी व अन्य कार्यों का अनुरोध किया। शौर्य पाण्डेय व अंकित साहनी के नेतृत्व में बटुकों द्वारा की गयी गंगा आरती लोगों को मुग्ध कर गयी। इस दौरान मुख्य रुप से प्रमुख अरुण जायसवाल, राजेंद्र पाण्डेय, शैलेन्द्र पाण्डेय, उदय प्रताप सिंह पप्पू, राजेश तिवारी, बबलू सिंह, संकठा राजभर, अमित पाण्डेय, चन्दन जायसवाल, बनवारी पाण्डेय, अम्बुज पाठक, दीपेश सिंह, अमृत चौरसिया, विंध्याचल तिवारी सहित हजारों लोग उपस्थित रहे। संचालन अरविन्द पाण्डेय डॉक्टर ने किया।

1 COMMENT

  1. जगमाते बलुआ घाट को हमें भी दिखाते तो और भी अच्छा लगता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here