चहनियां। भारतीय जनता पार्टी अनुशासनात्मक पार्टी मानी जाती है। इस पार्टी के नेता व सूबे के मुखिया आदित्यनाथ योगी हर मंचों से उत्तर प्रदेश में संवेदनशील शासन का दावा करते नही थकते। लेकिन धरातलीय सच्चाई कुछ और ही है। चन्दौली जनपद में अधिकारियों के निर्देश का अनुपालन उनके अधीनस्थ ही नही कर रहे है। इसका ताजा उदाहरण मारूफपुर गांव के सामने मुख्य सड़क पर बह रहे नाबदान के पानी के सम्बन्ध में है। जहां सीडीओ व पीडब्लुडी के एक्स्चीयन द्वारा केन्द्रीय मंत्री व चन्दौली सांसद डाक्टर महेंद्र नाथ पाण्डेय के ह्वाटसप ग्रुप पर अपने अधीनस्थ चहनियां बीडीओ व अन्य को दिये गए निर्देश के बावजूद कोई कार्रवाई नही हुई। जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।
गौरतलब है कि बिकास खण्ड चहनियां के मारूफपुर गांव के सामने तीरगांवा से चन्दौली वाया चहनियां सकलडीहा मुख्य सड़क पर नाबदान का पानी विगत पन्द्रह दिनों से बह रहा है। सड़क पर बने बेतरीब अनगिनत गढ्ढे और ऊपर से उसमें नाबदान का पानी बहने से लोग प्रतिदिन गिरकर घायल हो रहे साथ ही नाबदान का गन्दे पानी के छिटके से लोगों के कपड़े गन्दे हो जा रहे है। जिससे आजिज आकर सोमवार को कुछ ग्रामीण पानी में खड़ा होकर प्रदर्शन कर जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित कराते हुए इस समस्या से निजात दिलाने की मांग किया था। जिसे प्रमुख समाचार पत्र प्रकाशित किये थे। प्रकाशित समाचार पत्र का संज्ञान लेकर माननीय मंत्री के ह्वाटसप ग्रुप के संचालक मीडिया प्रभारी द्वारा सक्षम अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया था। जिसपर ग्रुप में ही सीडीओ व एक्स्चीयन पीडब्लुडी द्वारा बीडीओ चहनियां व अन्य अधीनस्थों को उक्त समस्या समाधान के त्वरित निष्पादन के लिए निर्देशित किया गया था। लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी समस्या समाधान के सम्बन्ध में कोई कार्रवाई न होते देख स्थानीय लोगों में यह बात चर्चा होने लगी कि अधिकारियों के निर्देश का अनुपालन जब उनके ही अधीनस्थ नही कर रहे हैं तो आम लोगों की कौन सुनेगा।