Home Uncategorized गंगा कटान ने बढ़ाई नौघरा की चिंता, कभी 3 किमी दूर बहने...

गंगा कटान ने बढ़ाई नौघरा की चिंता, कभी 3 किमी दूर बहने वाली धारा अब सिर्फ 50 मीटर पर!ग्रामीणों में नाराजगी, ठोस पहल न होने पर आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों संग पूर्व विधायक मनोज सिंह

चंदौली। धानापुर विकासखंड के नौघरा गांव में गंगा कटान का संकट तेजी से गहराता जा रहा है। कभी जहां गंगा गांव से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर बहती थी, वहीं अब नदी मात्र 50 मीटर की दूरी पर रह गई है। लगातार कटान के चलते हजारों बीघा उपजाऊ भूमि गंगा में समाहित हो चुकी है।

गांव के लोगों का कहना है कि कटान की स्थिति दिन-ब-दिन भयावह होती जा रही है और यदि जल्द ही कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया तो पूरा गांव गंगा में समा सकता है। ग्रामीणों ने यूपी सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि आज तक क्षेत्रीय विधायक या अधिकारी मौके का निरीक्षण तक करने नहीं पहुंचे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, केवल पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ही इस मामले में उनकी आवाज उठा रहे हैं। किसानों ने दावा किया कि पहले लगाए गए बोल्डर भी कथित भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए, जिसके चलते कटान रोकने की कोशिश नाकाम रही।

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि गंगा का जलस्तर घटने से उसकी धार तेज होकर भूमि का कटान कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई न हुई तो नौघरा गांव पूरी तरह डूब सकता है और सैकड़ों परिवार बेघर हो जाएंगे।

ग्रामीणों का आरोप है कि हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि अब लोग इस गांव में अपनी बेटियों की शादी करने से भी डर रहे हैं। 70 वर्षीय किसान रामनाथ यादव ने बताया कि बचपन में वे 2 किलोमीटर दूर गंगा नहाने जाते थे, लेकिन आज नदी घरों से मात्र 50 मीटर रह गई है।

किसानों—बांके उपाध्याय, दिग्विजय उपाध्याय मिंटू, अंबिका यादव, सल्पनाथ यादव, सूबेदार यादव, राजेंद्र यादव, सुनील यादव, प्रभाहनस, रवि यादव, दिनेश यादव, कृष्णानंद उपाध्याय, रोहित उपाध्याय सहित अन्य—ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन जल्द हस्तक्षेप नहीं करता तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

ग्रामीणों की मांग है कि कटान रोकने के लिए पुख्ता बांध और बोल्डर लगाए जाएं तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here